विश्व पर्यावरण दिवस पर जनक जिला में तीन दिवसीय विशेष अभियान संपन्न प्लॉग रन, प्लास्टिक जागरूकता व बीज संग्रहण से 500 से अधिक नागरिकों को किया जागरूक
विश्व पर्यावरण दिवस पर जनक जिला में तीन दिवसीय विशेष अभियान संपन्न प्लॉग रन, प्लास्टिक जागरूकता व बीज संग्रहण से 500 से अधिक नागरिकों को किया जागरूक
नई दिल्ली, 8 जून 2026:
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पश्चिमी दिल्ली के जनक जिले में पर्यावरण संरक्षण दिल्ली (PSG) द्वारा 5 से 7 जून 2026 तक वृहद स्तर पर तीन दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान दिल्ली प्रांत के सह संयोजक श्री पुनीत सूद जी के मार्गदर्शन एवं पीएसजी जनक जिला संयोजक श्री राघवेन्द्र शुक्ला जी के संयोजन में संपन्न हुआ। जनक जिला की युवा शक्ति प्रमुख डॉ. नेहा गुप्ता को अभियान प्रमुख का दायित्व सौंपा गया।अभियान में जनक जिले के अंतर्गत विकासपुरी, जनकपुरी, हरिनगर, सुभाष नगर एवं नांगल के 20 से अधिक स्थानों तथा विभिन्न पार्कों में प्लॉग रन, प्लास्टिक उन्मूलन जागरूकता अभियान, बीज संग्रहण एवं वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। गतिविधि के सदस्यों ने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से इन कार्यक्रमों का संचालन किया।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छ, हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण हेतु सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।
अभियान का शुभारंभ 5 जून 2026 को प्रातः 6:30 बजे गौरी शंकर डीडीए पार्क, विकासपुरी से हुआ, जिसका उद्घाटन पूर्व निगम पार्षद श्रीमती सरिता जिंदल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डीडीए एवं एमसीडी के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

अभियान के समापन समारोह का आयोजन 7 जून 2026 को ए एवं एजी-1 ब्लॉक एसोसिएशन, विकासपुरी में किया गया, जहां निगम पार्षद श्री साहिब असीवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने यह आश्वस्त किया कि एक दिन विकासपुरी निश्चित रूप से *जीरो वेस्ट कॉलोनी* बनेगी और इसके लिए उनका हर संभव सहयोग सदैव उपलब्ध रहेगा। समारोह में नागरिकों को ऊर्जावान बनाने हेतु जुम्बा सत्र से शुरुआत की गई। केवल प्लाग रन में दो ब्लॉकों से 92 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया । 120 kg विकासपुरी और 80 kg अन्य सभी स्थानों से एकत्रित किया गया। पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए टीम ने 200 किलोग्राम प्लास्टिक कचरे को लैंडफिल का हिस्सा बनने से रोका और सीधे पुनर्चक्रण हेतु भेजा। साथ ही बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रजातियों के बीज भी संग्रहित किए गए, जिन्हें आगामी वृक्षारोपण अभियान में उपयोग किया जाएगा। तीन दिवसीय अभियान में 500 से अधिक नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस पर्यावरण अभियान में 8 वर्ष के बच्चों से लेकर 80 वर्ष के बुजुर्गों तक सभी ने कंधे से कंधा मिलाकर भागीदारी की। डॉ. नेहा गुप्ता ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि केवल जागरूकता से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि हर व्यक्ति को समाधान का हिस्सा बनना होगा, समस्या का नहीं। उन्होंने हर घर,हरित घर को अभियान का मूल मंत्र बताते हुए नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। विशेषकर गृहणियों से आह्वान किया गया कि वे प्लास्टिक का उपयोग घटाएँ और उसे लैंडफिल में भेजने के बजाय एकत्रित कर पुनर्चक्रण हेतु दें। यदि घर-घर से यह पहल शुरू हो, तो निश्चित ही पर्यावरण संरक्षण एक जन-आंदोलन बन जाएगा।

