Senior Literary Figure Alka Sinha’s Birthday Celebration Held Amid the Radiance of Auspicious Lamps

मंगल दीपों की आभा के बीच संपन्न हुआ वरिष्ठ साहित्यकार अलका सिन्हा का जन्मोत्सव

नई दिल्ली, 9 नवंबर 2026। समकालीन हिंदी साहित्य की सशक्त हस्ताक्षर, लब्धप्रतिष्ठ कथाकार एवं संवेदनशील कवयित्री अलका सिन्हा का जन्मदिवस साहित्यिक गरिमा, सघन आत्मीयता और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ‘साहित्य 24’ प्रकाशन के तत्वावधान में सोमवार को द्वारका सेक्टर-21 स्थित राजबाड़ा भोग (पैसिफिक डी-21 मॉल) में आयोजित यह भव्य साहित्यिक समागम भारतीय संस्कारों, परंपराओं और साहित्यिक बंधुत्व की एक अनूठी मिसाल बना।

‘साहित्य 24’ प्रकाशन के संस्थापक एवं प्रकाशक हरि प्रकाश पाण्डेय के सुरुचिपूर्ण संयोजन में आयोजित इस उत्सव में आधुनिक पाश्चात्य औपचारिकताओं से परे हटकर सनातन और भारतीय जीवन-मूल्यों का सुंदर निर्वहन किया गया। जन्मदिन पर केक काटने की परिपाटी के स्थान पर पारंपरिक हलुए से मुंह मीठा कराया गया। वहीं मोमबत्ती बुझाने की रीत को दरकिनार करते हुए, उनकी आयु की परिचायक दीपमालिका प्रज्वलित की गई। ये मंगलदीप पूरे कार्यक्रम में झिलमिलाते रहे और अपनी स्निग्ध आभा से समूचे परिवेश को मांगलिक ऊर्जा और सात्विकता प्रदान करते रहे।

समारोह का महत्वपूर्ण आकर्षण अलका सिन्हा के समग्र व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित, ‘साहित्य 24 पब्लिकेशन’ द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘सघन संवेदनाओं की शब्दकार : अलका सिन्हा’ का परिचय रहा। अर्चना त्रिपाठी एवं विशाल पाण्डेय के कुशल संपादन में तैयार लगभग 300 पृष्ठों की यह पुस्तक अलका सिन्हा के बहुआयामी साहित्यिक अवदान, सामाजिक सरोकारों, रचनात्मक दृष्टि और जीवन-मूल्यों को रेखांकित करती है। देश के अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों और समालोचकों के समीक्षात्मक आलेखों, संस्मरणों और साक्षात्कारों से संजोया गया यह संकलन उनके सृजन-पथ का एक ऐतिहासिक और मूल्यवान दस्तावेज बनकर उभरा है। उपस्थित विद्वानों ने इस कृति को हिंदी आलोचना की दुनिया में मील का पत्थर बताया।

इस अवसर पर राजधानी के साहित्य जगत की अनेक मूर्धन्य विभूतियों ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम में डॉ. सी. एम. भगत, अनिल जोशी, लक्ष्मीशंकर वाजपेयी, ओमिश परुथी, ऋषि कुमार शर्मा, विशाल पाण्डेय, वंदना बाजपेयी, कल्पना मनोरमा, संजीव गुप्ता, जनार्दन मिश्र, विजय मिश्र, अनिल मीत, सुनीता पाहुजा, ममता किरण, शशिकांत, सुनीला नारंग, शिखा खुराना, ताराचंद, मनोज अबोध, अनीता सेठी, पूनम अरोड़ा, अभिषेक तिवारी, डॉ. इंदु गुप्ता और प्रियंका तिवारी सहित कई गणमान्य साहित्यकार उपस्थित रहे। सभी ने अलका सिन्हा के कथा-शिल्प, भाषा-सौष्ठव और उनकी रचनात्मक संवेदनशीलता की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुदीर्घ एवं अनवरत रचनाशील जीवन की मंगलकामना की।

साहित्यिक चर्चाओं के बीच गीत-संगीत की मधुर तानों ने आयोजन में प्राण फूंक दिए। उपस्थित रचनाकारों ने अपनी सुरमयी काव्य-पंक्तियों से अलका सिन्हा को संगीतमय शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सुरुचिपूर्ण दोपहर भोज के दौरान साहित्यकारों के मध्य वैचारिक विमर्श, सौहार्दपूर्ण संवाद और आत्मीय मेल-मिलाप का क्रम चला। ‘साहित्य 24’ प्रकाशन का यह आयोजन रचनाकारों के पारस्परिक सम्मान, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक गौरव का जीवंत और चिरस्मरणीय उत्सव बन गया।