महेंद्र मिश्र स्मृति समारोह का भव्य आयोजन-सीमा रंगा इन्द्रा

सीमा रंगा इन्द्रा

नई दिल्ली। सुरसागर संगीत महाविद्यालय, दशरथपुरी (नई दिल्ली) के प्रांगण में भोजपुरी पूर्वी गीत के जनक महान लोककवि महेंद्र मिश्र जी की जयंती के उपलक्ष्य में “महेंद्र मिश्र स्मृति समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मैथिली भोजपुरी अकादमी, दिल्ली एवं मुस्कान चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं कलाकारों के स्वागत से हुआ, जिसमें सभी का पुष्पमालाओं एवं तिलक के साथ अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात जलपान के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन प्रारंभ हुआ।

इस अवसर पर कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में श्री अनिल कुमार गुप्ता, पल्लवी गुप्ता, श्री बृजेश शर्मा, श्री जितेंद्र यादव, श्रीमती रेनू रूपाली, श्रीमती कल्पना मिश्रा, चंद्र प्रकाश चौहान एवं प्रज्ञा श्री सहित अनेक कलाकारों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

संपूर्ण कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं उच्च कोटि का रहा, जिसमें भोजपुरी संस्कृति एवं पूर्वी संगीत की समृद्ध परंपरा का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों एवं उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से रात्रि भोज का आनंद लिया।

इस आयोजन ने न केवल महेंद्र मिश्र जी के योगदान को स्मरण किया, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय लोक एवं शास्त्रीय संगीत की ओर प्रेरित करने का भी कार्य किया।